कोरबा: जंगल में वन्यजीवों के अवैध शिकार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कटघोरा वनमंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में शिकारियों ने कथित तौर पर फंदा लगाकर भालू का शिकार किया। इसके बाद पकड़े जाने के डर से उसके शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। हालांकि, वन विभाग की सतर्कता से पूरा मामला उजागर हो गया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले की शुरुआत 21 नवंबर को हुई जब वन विभाग को छिंदिया परिसर में भालू के शिकार की जानकारी मिली। सूचना पर पहुंची टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। मौके पर खून के निशान और क्लच वायर बरामद हुआ, जिसका इस्तेमाल फंदा लगाने में किया गया था। शुरुआती जांच के बाद वन विभाग ने शिकार की दिशा में जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान पता चला कि भालू के शिकार के अगले दिन उसके शव को झिनपुरी परिसर में ले जाकर जला दिया गया था। आरोपियों ने कथित तौर पर सबूत छिपाने के उद्देश्य से जले हुए अवशेष अंजननाला नदी के किनारे फेंक दिए थे। वन विभाग की टीम ने तलाशी के दौरान वहां से अवशेष बरामद कर लिए, जिससे जांच को अहम आधार मिला।
कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने ग्राम दम्हामुड़ा निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी को कटघोरा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
संरक्षित वन्यजीव के शिकार पर सख्त कानून
वन विभाग ने मामले में वन अपराध क्रमांक 12606/11 दर्ज कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई की है। भालू अनुसूची-1 का संरक्षित वन्यप्राणी है। इसके शिकार के दोषियों को तीन से सात साल तक की सजा और जुर्माना हो सकता है।
वन विभाग अब इस पूरे घटनाक्रम में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
