ओवर स्पीडिंग चालान का SMS आए तो रहें सावधान, APK फाइल से बैंक खाते पर खतरा; वाहन चालकों को निशाना बना रहे साइबर ठग
बलौदाबाजार: आपके मोबाइल पर भी RTO का चालान कटने का मैसेज आया है? अगर हां, तो बिना जांच किए उस मैसेज में दिए गए लिंक को खोलने की गलती न करें। साइबर अपराधियों ने लोगों को ठगने के लिए अब परिवहन विभाग के नाम का सहारा लेना शुरू कर दिया है। फर्जी ई-चालान के जरिए मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाकर बैंक खातों तक पहुंच बनाने की कोशिश की जा रही है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने इस नए साइबर फ्रॉड को लेकर आम नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया है।
सरकारी नोटिस जैसा दिखता है फर्जी मैसेज
साइबर ठग अनजान नंबरों से वाहन चालकों को SMS भेजते हैं। इसमें ओवर स्पीडिंग या ट्रैफिक नियम तोड़ने के नाम पर चालान लंबित होने की बात कही जाती है। मैसेज में चालान देखने और भुगतान करने के लिए एक लिंक दिया जाता है। देखने में यह लिंक परिवहन विभाग की वेबसाइट जैसी लग सकती है, लेकिन असल में यह ठगी का माध्यम होती है।
एक APK फाइल से बढ़ सकती है परेशानी
इस लिंक के जरिए मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड कराई जा सकती है। यदि कोई व्यक्ति बिना जांच के इसे इंस्टॉल कर लेता है, तो उसके मोबाइल में मौजूद संवेदनशील जानकारियां साइबर अपराधियों के हाथ लगने का खतरा रहता है। SMS, OTP और बैंकिंग या UPI से जुड़ी जानकारी का दुरुपयोग कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
पुलिस ने बताई बचाव की जरूरी बातें
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिले में साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी भी अनजान नंबर से आए चालान संबंधी संदेश पर तुरंत भरोसा न करें। संदिग्ध लिंक न खोलें और मोबाइल में डाउनलोड होने वाली अज्ञात APK फाइल इंस्टॉल न करें। फोन में ‘Install unknown apps’ की अनुमति भी नियंत्रित रखें।
चालान चेक करने के लिए आधिकारिक पोर्टल ही अपनाएं
अगर आपको अपने वाहन के चालान की जानकारी लेनी है, तो भारत सरकार के आधिकारिक परिवहन पोर्टल का ही इस्तेमाल करें। किसी भी अनजान लिंक पर बैंक डिटेल, व्यक्तिगत जानकारी या OTP साझा न करें।
साइबर ठगी हो जाए तो तुरंत उठाएं कदम
ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा “www.cybercrime.gov.in” पर शिकायत दर्ज कराएं। नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल में भी इसकी जानकारी दें।
बलौदाबाजार पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल सुविधाओं का उपयोग करते समय सावधानी बरतें। याद रखें, चालान की जानकारी लेने की जल्दबाजी में किसी अनजान लिंक पर क्लिक करना आपकी निजी और बैंकिंग सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
