
माँ मड़वारानी मंदिर में चैत्र नवरात्रि की धूम, भक्तों का उमड़ा सैलाब
कोरबा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) कोरबा शहर से 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित प्रसिद्ध माँ मड़वारानी मंदिर में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। नवरात्रि के पावन पर्व पर भक्तजनों की लंबी कतारें माता रानी के दर्शन के लिए उमड़ रही हैं। मान्यता है कि जो भी भक्त सच्चे मन से माता के दरबार में आता है, उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
माँ मड़वारानी मंदिर में हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र मास के शुक्ल पक्ष में चैत्र नवरात्रि धूमधाम से मनाई जाती है, वहीं शरद नवरात्रि में पंचम दिन से विशेष अनुष्ठान प्रारंभ होते हैं। परंपरा के अनुसार, हर वर्ष इन दोनों नवरात्रियों के दौरान भक्तजन अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए ज्योति कलश प्रज्वलित करते हैं और माता के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं।
इस वर्ष चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मड़वारानी मंदिर में विशाल मेले का आयोजन किया गया है, जहां दूर-दूर से आए श्रद्धालु माता के दर्शन के उपरांत मेले का आनंद ले रहे हैं। भक्तजनों की आस्था और श्रद्धा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गूंज रहा है। श्रद्धालु माँ मड़वारानी के दर्शन कर अपने सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




