
सीमांकन कार्य में बाधा: सरपंच समेत कई लोगों पर जुर्म दर्ज
रायपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) मंदिरहसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत गोढ़ी स्थित रिम्स अस्पताल के पास भूमि सीमांकन कार्य के दौरान हंगामा होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी से विवाद कर सीमांकन प्रक्रिया रुकवाने के आरोप में सरपंच समेत अन्य ग्रामीणों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
मंदिरहसौद पुलिस के अनुसार, घटना 25 अगस्त दोपहर की है। पटवारी अंजन मिश्रा की रिपोर्ट पर आरोपी गोपाल धीवर, मोनू बैस, डिकेश बैस एवं अन्य के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला पंजीबद्ध किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, राजस्व न्यायालय के आदेश पर सीमांकन हेतु एक दल गठित किया गया था, जिसमें आरआई आर.के. साहू, तुलसीराम बंजारे, भुवनेश्वर वर्मा एवं पटवारी अंजन कुमार मिश्रा, ओमप्रकाश देवांगन, रसानंद बारिक, राजीव पटेल, अजय चंदेल और वीणा वर्मा शामिल थे। टीम दोपहर करीब एक बजे गोढ़ी स्थित रिम्स अस्पताल परिसर में सीमांकन कार्य कर रही थी।
इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचे और सीमांकन प्रक्रिया रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि उन्होंने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश की। मामले की जानकारी मिलने पर तहसीलदार मंदिरहसौद विनोद साहू मौके पर पहुंचे और उपस्थित ग्रामीणों को समझाइश दी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




