
रात्रि गश्त में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की वाशिंग मशीन बरामद, आरोपी फरार
कोरबा | छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7
कोरबा जिले में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस की सतर्कता एक बार फिर सामने आई है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने चोरी की वाशिंग मशीन बरामद की, हालांकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिलेभर में अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 24-25 मार्च की दरमियानी रात को कोतवाली थाना पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में गश्त की जा रही थी।
गश्त के दौरान तड़के करीब 2:45 बजे बायपास रोड से सर्वमंगला बस स्टैंड की ओर आते समय पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति वाशिंग मशीन पीठ पर ले जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करते ही आरोपी मशीन छोड़कर अंधेरे में फरार हो गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
बरामद वाशिंग मशीन को जब्त कर थाने लाया गया। जांच के दौरान राताखार निवासी राजू पटेल ने पहचान की कि यह मशीन उसके घर से चोरी हुई थी। साथ ही उसने बताया कि उसी रात उसके पड़ोसी के घर से एक मोबाइल फोन भी चोरी हुआ है।

चोरी का सामान
हायर कंपनी की वाशिंग मशीन (लगभग ₹15,000)
सैमसंग मोबाइल (लगभग ₹10,000)
इस मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 283/26 के तहत बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
👉 कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




