
कोरबा में डीजे विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाकूबाजी के 3 आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7
कोरबा(छत्तीसगढ़) जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सदर कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीजे विवाद में हुई चाकूबाजी की घटना का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 मार्च 2026 को कोतवाली थाना क्षेत्र में डीजे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इस दौरान संदीप भास्कर नामक युवक पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसके कूल्हे में गंभीर चोट आई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों—संतोष बाबा (18 वर्ष), शिव यादव (20 वर्ष) और पुरुषोत्तम सोनी उर्फ पांडू (21 वर्ष)—को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा – सदर कोरबा” अभियान के तहत जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7



