
शी जिनपिंग का भारत दौरा! 7 साल बाद दिल्ली आ सकते हैं चीनी राष्ट्रपति, 400 अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल
नई दिल्ली(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)भारत और चीन के रिश्तों में लंबे समय से जारी तनाव के बीच एक बड़ी कूटनीतिक हलचल सामने आई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अगले महीने भारत में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली आ सकते हैं। यदि उनका दौरा होता है, तो यह करीब सात साल बाद उनका भारत दौरा होगा।
12-13 सितंबर को होगा BRICS सम्मेलन
भारत में 12 और 13 सितंबर को BRICS शिखर सम्मेलन आयोजित होना प्रस्तावित है। रिपोर्ट के अनुसार, शी जिनपिंग के सम्मेलन में शामिल होने की संभावना को देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चीनी अधिकारियों द्वारा दिल्ली में होटल बुकिंग और सुरक्षा प्रोटोकॉल से जुड़ी तैयारियां किए जाने की बात भी सामने आई है।
400 अधिकारियों का बड़ा प्रतिनिधिमंडल
रिपोर्ट के मुताबिक, शी जिनपिंग के साथ करीब 400 अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भारत आ सकता है। यह संख्या उनकी वर्ष 2019 की भारत यात्रा के दौरान आए प्रतिनिधिमंडल की तुलना में काफी अधिक बताई जा रही है। इतने बड़े प्रतिनिधिमंडल को भारत-चीन के बीच व्यापक स्तर पर बातचीत की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
LAC और व्यापार पर हो सकती है अहम चर्चा
शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक होने की संभावना भी जताई जा रही है। बैठक में LAC पर शांति, सीमा विवाद, द्विपक्षीय व्यापार और भारत के व्यापार घाटे जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
गलवान के बाद रिश्तों में सुधार की उम्मीद
वर्ष 2020 में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद भारत और चीन के संबंधों में भारी तनाव पैदा हुआ था। ऐसे में शी जिनपिंग का संभावित भारत दौरा दोनों देशों के बीच रिश्तों में धीरे-धीरे सुधार की दिशा में एक अहम संकेत माना जा रहा है।
हालांकि, भारत और चीन की ओर से अभी शी जिनपिंग के भारत दौरे को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के BRICS सम्मेलन में शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




