
उरगा की बदहाल सड़क को लेकर युवा कांग्रेस का धरना, तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन समाप्त
कोरबा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर उरगा चौक के पास सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मोर्चा खोलते हुए धरना प्रदर्शन किया। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों, जमा पानी और खराब मार्ग के कारण राहगीरों व वाहन चालकों को हो रही परेशानी को लेकर कार्यकर्ताओं ने जिम्मेदार विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।
धरना प्रदर्शन में NSUI महासचिव कोरबा शैलेन्द्र कुर्रे, जनपद सदस्य पताढ़ी अनिल खूंटे, मधुसूदन दास, मंदीप शर्मा, पिंकू सोनवानी, पुष्पेंद्र कुर्रे सहित क्षेत्र के कई कांग्रेस युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि उरगा चौक से गुजरने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ कार और भारी वाहनों को भी आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सड़क पर दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने कोरबा तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर सड़क की स्थिति से अवगत कराया और जल्द कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। हालांकि, कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सड़क की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आगे फिर से आंदोलन किया जा सकता है।
अब देखना होगा कि ज्ञापन के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग उरगा की बदहाल सड़क को लेकर कितनी गंभीरता दिखाता है और राहगीरों को राहत कब मिलती है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




